विश्रामपुरी पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
कोंडागांव।
महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए विश्रामपुरी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया, जबकि पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान आदित्य दुबे, पिता स्वर्गीय राजेश दुबे, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम माधो नगर, थाना बेवर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश), जाति ब्राह्मण के रूप में हुई है।

मामले का संक्षिप्त विवरण
पीड़िता के परिजनों द्वारा विश्रामपुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 06.11.2025 को एक अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस शिकायत पर थाना विश्रामपुरी में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध क्रमांक 137(2) दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंच
थाना विश्रामपुरी पुलिस की टीम, निरीक्षक विनोद नेताम के नेतृत्व में, लगातार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी। इसी दौरान 18.12.2025 को साइबर सेल कोंडागांव से संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र में पाई गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान पहुंचकर आरोपी आदित्य दुबे को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया।
पीड़िता सुरक्षित, आरोपी न्यायिक प्रक्रिया में
पीड़िता को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
