पति ने रची खौफनाक साजिश: महिला और 3 साल के बेटे की हत्या, फरसगांव पुलिस ने 7 आरोपी पकड़े
कोंडागांव / फरसगांव:
फरसगांव थाना क्षेत्र में लापता महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति सहित कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आपसी आपराधिक साजिश रचकर पहले महिला की गला घोंटकर हत्या की और शव को ओडिशा के इंद्रावती नदी में फेंक दिया, जबकि मासूम बच्चे को जंगल में तालाब में डुबोकर मार डाला।

पुलिस के अनुसार, 06 दिसंबर को सिरपुर निवासी अमदेव महावीर ने अपनी बहन भगवती सेठिया और उसके 3 वर्षीय बेटे वत्सल्य उर्फ बिट्टू के लापता होने की रिपोर्ट फरसगांव थाने में दर्ज कराई थी। महिला अपने पति रोहित सेठिया के साथ घरेलू विवाद और प्रताड़ना से गुजर रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी पति का एक अन्य महिला से प्रेम संबंध था, जिसके चलते वह पत्नी और बच्चे को रास्ते से हटाना चाहता था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन, साइबर तकनीक और गहन पूछताछ के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया ने स्वीकार किया कि उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर महिला को घूमने के बहाने कार में बैठाया, फिर ओडिशा ले जाकर उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। इसके बाद तीन साल के मासूम बच्चे की भी तालाब में हत्या कर दी गई।
इस मामले में आरोपी के माता-पिता, प्रेमिका और साजिश में मदद करने वाले अन्य रिश्तेदारों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटनास्थलों की पहचान की है और ओडिशा पुलिस के सहयोग से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में दर्ज किया गया है।
फरसगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय बताते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित सेठिया – पति
- नरेश पांडे – मामा पक्ष
- मिथलेश मरकाम – मित्र
- बसंती प्रधान – प्रेमिका
- रमेशचंद्र सेठिया – ससुर
- उर्मिला सेठिया – सास
- प्रभुलाल पांडे – रिश्तेदार
