गरियाबंद में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 63.91 लाख का धान जब्त

0

गरियाबंद:
अवैध धान परिवहन और बिक्री के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले एक माह 15 दिनों में कुल 2056.8 क्विंटल (4662 कट्टा) धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹63 लाख 91 हजार 890 बताई जा रही है। यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्रों में लगाए गए चेकपोस्टों पर लगातार निगरानी और विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को थाना जुगाड़ (पायलिखान) क्षेत्र में अवैध धान परिवहन के तीन अलग-अलग मामलों में करीब ₹18 लाख 06 हजार 525 मूल्य का धान जब्त किया गया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तस्दीक करते हुए तीन ट्रकों को रोका, जिनमें बिना वैध दस्तावेजों के भारी मात्रा में धान परिवहन किया जा रहा था।

जांच के दौरान

  • ट्रक क्रमांक CG-29-A-9002 से 535 कट्टा,
  • ट्रक क्रमांक CG-04-PV-2651 से 360 कट्टा,
  • ट्रक क्रमांक CG-04-JC-2711 से 400 कट्टा धान
    बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 1295 कट्टा (582.75 क्विंटल) धान जब्त कर संबंधित विभाग को आगामी कार्रवाई हेतु सौंपा गया।

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी विशेष दिशा-निर्देशों के तहत सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सख्ती बढ़ाई गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुविधा केवल पंजीकृत किसानों के लिए निर्धारित केंद्रों पर ही मान्य है। अन्य राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर बिक्री करना कानूनन अपराध है, जिस पर पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है।

पुलिस ने बताया कि बीते डेढ़ माह में थाना देवभोग, अमलीपदर, चूरा एवं जुगाड़ क्षेत्र में कुल 37 चारपहिया वाहन तथा 4 लावारिस वाहनों को जब्त किया गया है। सभी मामलों में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान को जब्त कर संबंधित विभाग को सौंपा गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों