600 बच्चों के बीच पलारी पुलिस का बड़ा संदेश, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में यातायात नियमों की पाठशाला
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत थाना पलारी पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद स्कूल, पलारी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 600 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही, जिन्हें यातायात नियमों की विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सड़क पर सुरक्षित चलने, वाहन चलाते समय सावधानियां बरतने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व सहित यातायात संकेतों और नियमों के पालन के बारे में सरल भाषा में समझाया। बच्चों को यह भी बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही किस तरह गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को न केवल स्वयं यातायात नियमों का पालन करने, बल्कि अपने परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी नियमों की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे “सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक” बनकर समाज में जागरूकता फैलाएं।

पलारी पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा को लेकर बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
