सड़क सुरक्षा माह में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का जागरूकता अभियान, सीट बेल्ट को लेकर सख्त संदेश
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों एवं आम जनों को यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता समझाई और सतत रूप से नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसी क्रम में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए, जिनमें सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल रहीं।
विशेष रूप से चारपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट लगाने के लिए समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीट बेल्ट न केवल कानूनी आवश्यकता है, बल्कि यह सड़क दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने का सबसे प्रभावी उपाय भी है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का यह प्रयास लोगों में जिम्मेदार ड्राइविंग की भावना विकसित करने और सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
