रायपुर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: अंतरराज्यीय नशा तस्करी का भंडाफोड़, गांजा और प्रतिबंधित सिरप के साथ 4 गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे एक संदिग्ध मालवाहक वाहन से गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक फ्रेट कैरियर वाहन के माध्यम से नशीले पदार्थों की खेप रायपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान उसमें से भारी मात्रा में गांजा एवं प्रतिबंधित सिरप बरामद किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर नशे की तस्करी में संलिप्त थे और विभिन्न माध्यमों से प्रतिबंधित पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने मौके से लगभग 6 लाख 38 हजार रुपये मूल्य का नशीला सामान एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशे की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को तुरंत दें।
