ऑपरेशन निश्चय में रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17,808 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार पर एक बड़ी चोट करते हुए अंतरजिला ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 17,808 प्रतिबंधित नशीली गोलियां जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर और आसपास के इलाकों में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई की जा रही है। इसी इनपुट पर विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की गई, जिसके बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से नशीली टैबलेट्स की अवैध बिक्री और सप्लाई में शामिल था। जब्त की गई गोलियां युवाओं और नशा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचाने की तैयारी में थीं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से यह खेप समय रहते पकड़ ली गई।
रायपुर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
