आसमान से अपराध पर नजर: ड्रोन तकनीक से बिलासपुर पुलिस का हाईटेक एक्शन
अब अपराधियों के लिए छिपने की कोई जगह सुरक्षित नहीं रही है। बिलासपुर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कस दिया है। ड्रोन के जरिए आसमान से निगरानी कर पुलिस जिलेभर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बिलासपुर जिले में ड्रोन आधारित विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नशाखोरी, अड्डेबाजी, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। ड्रोन कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर रियल-टाइम नजर रखी जा रही है, जिससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई में बड़ी सफलता मिल रही है।

सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन से मिली लाइव लोकेशन के आधार पर पुलिस ने अचानक दबिश दी, जहां नशा और अड्डेबाजी में लिप्त 15 संदिग्धों को मौके पर पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं सरकण्डा थाना क्षेत्र के साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित व्यापार मेले के दौरान ड्रोन से भीड़ और यातायात की सतत निगरानी की गई। इससे संभावित अव्यवस्था और अफरा-तफरी को समय रहते नियंत्रित किया गया और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान किया गया।
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले समय में ड्रोन निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस हाईटेक पहल के शुरुआती परिणाम पुलिस कार्रवाई के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं और जनहित में इसे लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
