24 घंटे में 14 गिरफ्तारी! रायपुर में 60 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ड्राई ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर लगभग 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह खेप अन्य राज्यों से राजधानी में खपाने के उद्देश्य से लाई गई थी।
सूचना मिलने के बाद कमिश्नरेट की विभिन्न टीमों ने समन्वित रणनीति बनाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे और युवाओं को निशाना बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब सप्लाई चेन और फाइनेंशियल लिंक की जांच कर रही है, ताकि पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जा सके।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
