राजधानी में वर्दीधारी निकला नशा तस्कर! आमनाका थाने का सिपाही हेरोइन के साथ पकड़ा गया

0
WhatsApp Image 2026-01-24 at 5.57.03 PM

राजधानी में पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पदस्थ आरक्षक को मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सिपाही वर्दी की आड़ में अवैध कारोबार संचालित कर रहा था और नशे की खेप सप्लाई करने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी टिकरापारा इलाके में हेरोइन पहुंचाने गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी लेने पर उसकी कार से लगभग एक ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरक्षक हिमांशु बर्मन (34) आमनाका थाना में पदस्थ था और करीब डेढ़ वर्ष से वहीं सेवा दे रहा था। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पूर्व में नशे से संबंधित मामलों की कार्रवाई में शामिल रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क कुछ तस्करों से हुआ और पैसों के लालच में वह स्वयं इस अवैध धंधे में उतर गया। बताया जा रहा है कि वह बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ मंगवाकर स्थानीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाता था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई बार सप्लाई देने की बात स्वीकार की है। पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच जारी है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों