बस्तर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम! कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर हथियार और IED का जखीरा बरामद
कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीनागुंडा के जंगलों में सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी नक्सली घटना टल गई।

यह संयुक्त कार्रवाई DRG और BSF बलों द्वारा की गई। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. के मार्गदर्शन, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार रखेचा, बीएसएफ डीआईजी सेक्टर कांकेरगांव (भानुप्रतापपुर) ओमप्रकाश तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने 2 बीजीएल लॉन्चर, 2 बारह बोर बंदूक, 1 एयरगन, 3 डायरेक्शनल IED, लगभग 5 किलो वजनी 1 टिफिन IED, 30 बीजीएल बम, 26 बारह बोर कारतूस, लगभग 2 किलो गनपाउडर, 1 मल्टीमीटर, 12 पैकेट पटाखे, 2 बंडल इलेक्ट्रिक वायर, 2 पाउच, 1 पैकेट स्प्लिंटर सहित नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद की।

विशेषज्ञों के अनुसार, बरामद विस्फोटक सामग्री का उपयोग सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। त्वरित कार्रवाई और सघन सर्चिंग के चलते नक्सलियों की साजिश नाकाम हो गई।
लगातार चल रहे अभियान से नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नक्सली गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
