कांकेर में बड़ा फ्रॉड खुलासा! नौकरी और लोन के नाम पर 24 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

0
14 feb 6

ग्रामीणों को जमीन सुधार, नौकरी दिलाने और कर्ज उपलब्ध कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नोमेश कुंजाम पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज थे। पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोदिया निवासी आनंद राम उसेंडी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनके परिवार से ₹24,37,567 की बड़ी राशि नौकरी और लोन दिलाने के नाम पर ली। आरोपी ने विश्वास में लेकर रकम ऐंठी और बाद में संपर्क तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू तथा एसडीओपी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी फरार है और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा है। सूचना मिलने पर टीम ने गोविंदपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की गई रकम व्यक्तिगत खर्च और इलाज में खर्च कर दी गई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 19 BD 1695) और ग्रामीणों से संबंधित जमीन के दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ कोरर और बड़ांजी (जगदलपुर) थाना क्षेत्रों में भी दो धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को प्रलोभन देकर ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि नौकरी, लोन या जमीन संबंधी किसी भी प्रस्ताव पर विश्वास करने से पहले उसकी पूरी जांच कर लें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों