चलती ट्रेन से गिरा युवक, दुर्ग पुलिस की फुर्ती से बची जान! डायल 112 की त्वरित कार्रवाई

0
16 feb 8.2

दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक को दुर्ग पुलिस की तत्परता ने नई जिंदगी देने का काम किया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। युवक के पैर (घुटने के नीचे) में गंभीर चोट आई थी और हालत नाजुक बताई जा रही थी।

डायल 112 में सूचना प्राप्त होते ही आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल और चालक लकेश्वर तत्काल निर्धारित ड्यूटी स्थल से रवाना होकर मौके पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद जीआरपी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घायल युवक को सुरक्षित निकाला गया और तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया गया।

प्राथमिक उपचार के लिए घायल को जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक द्वारा जांच के बाद पैर की स्थिति अत्यंत गंभीर पाई गई, जिसके चलते बेहतर इलाज के लिए युवक को रायपुर रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे सुरक्षित रायपुर भेजा गया और साथ में एक परिचर भी रवाना किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से गिर गया था। पुलिस ने घायल के मोबाइल से परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर तत्काल सूचना दी। बताया गया कि परिजन बिहार से दुर्ग/रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।

दुर्ग पुलिस ने आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल और चालक लकेश्वर की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और मानवता पूर्ण कार्य की सराहना की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन पर विशेष सावधानी बरतें और चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों