रतलाम में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश! तीन जिलों में वारदात करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जावरा, ताल, आलोट सहित आसपास के जिलों में महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल लूटने की वारदातों को अंजाम दे रहा था। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते थे। विभिन्न थानों में दर्ज प्रकरणों के आधार पर विशेष जांच शुरू की गई। मामला गंभीर होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग थानों, साइबर सेल और सीसीटीवी टीम की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों के रूट को ट्रैक किया गया। संदिग्धों की तस्वीरें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने भोपाल निवासी चार आरोपियों — विजय डिण्डोरिया, राजा खान, लक्की और मयंक — को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, 29 सोने के मोती और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित कनेक्शन और पूर्व की वारदातों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में विभिन्न थानों और साइबर सेल की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुनसान क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
