बोर्ड परीक्षा में डीजे की धूम पड़ी भारी! रतलाम पुलिस ने वाहन समेत साउंड सिस्टम किया जब्त
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत और एकाग्र अध्ययन का माहौल देने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पिपलौदा थाना क्षेत्र में एक आरोपी द्वारा तेज ध्वनि में डीजे बजाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि बोर्ड परीक्षा अवधि के दौरान जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा (24 वर्ष), निवासी सिलियाखेड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। मौके से बोलेरो पिकअप वाहन (MP 43 ZG 2445) में लगे डीजे साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया गया।
मामले में थाना पिपलौदा में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 तथा मप्र ध्वनि नियंत्रण अधिनियम की धाराओं 7/15 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शांत वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। आदेशों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
