एमपी से छत्तीसगढ़ लाई जा रही 29 पेटी शराब जब्त! राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार
राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना बागनदी और थाना डोंगरगढ़ की संयुक्त टीम ने साइबर सेल के सहयोग से दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित 29 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है।

कार्रवाई के दौरान कुल 260.8 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,02,610 बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त 2 चारपहिया वाहन — एक हुंडई i20 कार और एक काली स्कॉर्पियो — भी जब्त की गई हैं। जब्त संपत्ति और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹18 लाख आंकी गई है।
पहले मामले में थाना बागनदी क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान हुंडई i20 कार से 25 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित शराब (228 बल्क लीटर) बरामद की गई। इसमें मैकडॉवेल नंबर-1, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ब्लैक एंड व्हाइट, गोवा इंग्लिश वाइन, किंगफिशर और बडवाइजर बीयर शामिल हैं। इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

दूसरे मामले में थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र के देवकट्टा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर काली स्कॉर्पियो वाहन से 4 पेटी गोवा इंग्लिश शराब (32.04 बल्क लीटर) जब्त की गई। इस प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध आबकारी एक्ट एवं संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय स्तर पर शराब की तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
