रायगढ़ में गौ तस्करी पर बड़ा वार! ऑपरेशन शंखनाद के तहत 6 गौवंश मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत दूसरे दिन भी लैलूंगा थाना क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 6 गौवंश को मुक्त कराया गया।
पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौवंश को पैदल ले जाकर ओडिशा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को रोका। जांच में पाया गया कि वह गौवंश को कथित रूप से वध के उद्देश्य से ले जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने गौवंश को दूसरे क्षेत्र से खरीदकर ओडिशा ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने 6 गौवंश को सुरक्षित कब्जे में लेकर संरक्षित कराया। बरामद पशुओं की अनुमानित कीमत लगभग 48 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके।
