देवास में मंगलसूत्र लूटने वाली गैंग का पर्दाफाश! 40 दिन की जांच के बाद तीन राज्य से गिरफ्तार आरोपी
देवास शहर में महिलाओं के मंगलसूत्र लूट की घटनाओं से दहशत फैलाने वाली अंतरराज्यीय गैंग को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। करीब 40 दिनों तक लगातार तकनीकी और मैदानी जांच के बाद “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत यह बड़ी सफलता मिली।
पुलिस ने देवास में हुई दो वारदातों के साथ-साथ रतलाम में हुई लूट की घटना का भी खुलासा किया है। तीनों मामलों में लूटी गई 100 प्रतिशत सोने की चेन बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह देश के विभिन्न हिस्सों में 50 से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को ओडिशा के गंजाम जिले से, जो देवास से लगभग 1300 किलोमीटर दूर है, गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य दो आरोपियों को गुजरात के सूरत शहर से, जो करीब 500 किलोमीटर दूर बताया गया, पकड़ा गया। आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी नेटवर्क ने अहम भूमिका निभाई।
जांच के दौरान पुलिस की चार अलग-अलग टीमों ने 40 दिनों तक लगातार काम करते हुए 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपियों की पहचान और मूवमेंट ट्रैक की गई। पुलिस के अनुसार, देवास और रतलाम की घटनाओं के अलावा गैंग ने इंदौर और उज्जैन में भी वारदात की कोशिश की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
