राजनांदगांव में 26 लाख की जब्ती! ओडिशा से नागपुर ले जा रहे थे मवेशी, दो बछड़ों की मौत के बाद 4 गिरफ्तार

0

राजनांदगांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पशु क्रूरता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक टाटा 1212 वाहन सहित कुल 26 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। जब्त सामग्री में 12 गाय, 10 बछड़े (जिनमें से दो मृत पाए गए) और परिवहन में उपयोग किया गया वाहन शामिल है।

मामला उस समय सामने आया जब बायपास रोड के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने वाहन की जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया। वाहन से तिरपाल हटाने पर पता चला कि जानवरों को बिना पर्याप्त जगह और सुरक्षा के बांधकर ले जाया जा रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि मवेशियों को ओडिशा से महाराष्ट्र के नागपुर ले जाया जा रहा था। दस्तावेज मांगने पर अधूरे कागजात प्रस्तुत किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि परिवहन के दौरान पशुओं को पर्याप्त लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई की जगह नहीं दी गई थी, जिससे दो बछड़ों की मौत हो गई।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भिजवाया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों