फर्जी CID अफसर बनकर घूम रहा था युवक! धमतरी पुलिस ने स्कॉर्पियो समेत किया गिरफ्तार
धमतरी पुलिस ने खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने और अवैध लाभ लेने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान पत्र और “नेशनल क्राइम कंट्रोल” नाम का बोर्ड लगाकर घूम रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से वाहन सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमातालाब रोड स्थित एक दुकान के पास अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में “नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन” और “वाइस प्रेसिडेंट सीजी” लिखी प्लेट लगाकर खड़ा था। वह खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा अधिकारी बताकर आम लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंडल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो फर्जी पहचान पत्र मिले, जिन पर “क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट” और “क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिटेक्टिव” अंकित था। आरोपी किसी भी प्रकार का वैध नियुक्ति पत्र या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कथित रूप से फर्जी आईडी बनवाई थी और ऑनलाइन भुगतान कर उसकी वैधता बढ़ाता था। इन पहचान पत्रों और बोर्ड का उपयोग वह टोल टैक्स से बचने और अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो फर्जी आईडी कार्ड, “नेशनल क्राइम कंट्रोल” लिखा बोर्ड, महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, एक आईफोन 11 प्रो और एक सैमसंग मोबाइल सहित सिम कार्ड जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर दबाव बनाता है या संदिग्ध गतिविधि करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
