रतलाम में अवैध हथियार का भंडाफोड़! आलोट पुलिस ने पिस्टल और 8 कारतूस के साथ दो आरोपी पकड़े

0
24.7

रतलाम जिले की आलोट थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त हथियार और वाहन सहित कुल संपत्ति की कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जीवंगढ़ रोड स्थित महादेव मंदिर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान शादाब (25) और जगदीश (26), निवासी खेड़ाखेड़ी नयापुरा, जिला रतलाम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान शादाब की पैंट के पीछे कमर से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई। पिस्टल की मैगजीन की जांच करने पर उसमें 8 जिंदा कारतूस मिले।

दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में शादाब ने बताया कि उसने यह हथियार उज्जैन निवासी एजाज नामक व्यक्ति से खरीदा था। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों से अवैध पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों