रायगढ़ में पुलिस की ताकत का प्रदर्शन! एसएसपी ने खुद मैदान में उतरकर कराई बलवा ड्रिल
रायगढ़ पुलिस लाइन में वार्षिक निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस बल की तैयारियों का व्यापक मूल्यांकन किया। सुबह आयोजित परेड समारोह में उन्होंने सलामी ली और अधिकारियों के नेतृत्व में जवानों की टुकड़ियों से परेड अभ्यास कराया। इस दौरान अनुशासन, तालमेल और दक्षता का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण की खास बात रही बलवा नियंत्रण को लेकर आयोजित विशेष मॉक ड्रिल। परेड ग्राउंड में वास्तविक परिस्थितियों की तर्ज पर अभ्यास कराया गया, जिसमें एक टीम को उपद्रवी समूह और दूसरी टीम को प्रशासनिक एवं पुलिस बल की भूमिका में रखा गया। मेडिकल टीम को भी अभ्यास में शामिल किया गया, ताकि आपात हालात से निपटने की संपूर्ण प्रक्रिया का परीक्षण हो सके।
एसएसपी ने स्वयं मैदान में मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग की और जवानों को रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बलवा नियंत्रण के दौरान संयम, समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के पालन पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से हर चुनौती के लिए तत्परता बनाए रखें।
इसके बाद वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) का निरीक्षण किया गया। उपलब्ध संसाधनों, हथियारों और उपकरणों की स्थिति की समीक्षा कर रखरखाव को लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि संसाधनों की मजबूती और तकनीकी तैयारी कानून व्यवस्था बनाए रखने की आधारशिला है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि बलवा ड्रिल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाने का अहम माध्यम है। नियमित अभ्यास से जवानों की प्रतिक्रिया क्षमता तेज होती है और आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन व शहर के विभिन्न थानों का स्टाफ उपस्थित रहा।




