होली से पहले पखांजूर में नशे पर वार! ‘ऑपरेशन उजियारा’ में गांजा सप्लायर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल जब्त
होली पर्व से पहले नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पखांजूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन उजियारा” के अंतर्गत अवैध गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2.368 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय दास (उम्र 33 वर्ष), निवासी छोटे कापसी छोटेपारा, थाना पखांजूर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा के साथ 1,800 रुपये नकद, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक रेडमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 77 हजार 700 रुपये है। आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा किस नेटवर्क के माध्यम से ला रहा था और किन-किन लोगों तक सप्लाई की जानी थी।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में पूरे कांकेर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने चौक-चौराहों और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और चेकिंग बढ़ा दी है।
पखांजूर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर सख्त रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
