नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी न्यायिक हिरासत में

0

कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल व अमित पटेल तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां ने थाना तरेगांव जंगल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी रात के समय घर से अचानक कहीं चली गई थी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों को संदेह हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची तो महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उससे विस्तृत पूछताछ की गई। पीड़िता के बयान में सामने आया कि आरोपी शत्रुघ्न करायत, निवासी सोनतरा थाना तरेगांव जंगल, उसे पहले से जानता था और बहला-फुसलाकर अपने साथ बाहर ले गया।

पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 64(2)(M), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

पुलिस टीम ने लगातार जांच और तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों