बिलासपुर में बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्ती, पेट्रोल-डीजल देने पर भी रोक

0
WhatsApp Image 2026-01-24 at 5.57.03 PM

बिलासपुर में गलत और अमानक नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनमें नंबर प्लेट नहीं है या नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने से अपराधियों को पहचान छिपाने में मदद मिलती है, जिससे अपराध की घटनाओं का पता लगाना कठिन हो जाता है।

यातायात पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट या दूसरे वाहन का नंबर लिखकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में चालान काटने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय भी भेजा जा सकता है।

पुलिस ने जिले के सभी पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा और यदि ऐसे वाहन पंप पर आते हैं तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध और सड़क हादसों पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। इसलिए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में मानक नंबर प्लेट लगाकर ही सड़क पर निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों