ग्वालियर में कॉम्बिंग गश्त का बड़ा असर, 264 वारंटी गिरफ्तार, 282 गुंडे-हिस्ट्रीशीटर चेक

0
17.1.1

ग्वालियर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 264 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिसमें 134 स्थाई वारंट और 130 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर शहर और देहात के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक यह अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों और बल ने मिलकर संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त करते हुए बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 282 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों की जांच की। साथ ही उनके घरों पर जाकर सत्यापन किया गया और उनके रिकॉर्ड को अपडेट किया गया। पुलिस ने सभी को सख्त चेतावनी भी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध शराब के 5 प्रकरण और जुआ का 1 मामला दर्ज किया। इसके अलावा विभिन्न थानों में धारा 107/116 के तहत 29 प्रकरणों में 41 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि अन्य मामलों में भी 9 कार्रवाई दर्ज की गईं।

पुलिस ने गश्त के दौरान बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की भी जांच की। साथ ही संदिग्ध वाहनों और मुंह ढंककर चलने वाले दोपहिया चालकों की चेकिंग की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों