राजनांदगांव में महिला समूह से 8.85 लाख की धोखाधड़ी, फरार आरोपिया नागपुर से गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में महिला स्व-सहायता समूह से धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपिया को गिरफ्तार किया है। करीब दो वर्षों से फरार चल रही आरोपिया को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित कलमना क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम करेठी की निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष ने समूह के सदस्यों को बिना जानकारी दिए समूह के नाम पर बैंक से ऋण लिया और उस राशि का दुरुपयोग किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि समूह की अध्यक्ष ने सदस्यों को धोखे में रखकर करीब 8 लाख 85 हजार रुपये का लोन लिया और उसे बैंक में जमा करने के बजाय निजी उपयोग में खर्च कर दिया।
पुलिस टीम ने आरोपिया की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और मुखबिरों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम नागपुर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपिया ने स्वीकार किया कि उसने लोन की रकम शेयर मार्केट में निवेश करने के साथ-साथ घर की मरम्मत और टीवी, फ्रिज, कूलर जैसे घरेलू उपकरण खरीदने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
