ग्वालियर में कार से शराब तस्करी का खुलासा, 20 पेटी अवैध शराब के साथ इनामी तस्कर गिरफ्तार
ग्वालियर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरानी छावनी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार में अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक तस्कर को पकड़कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में अवैध शराब लेकर मुरैना की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ऑफिसर गुर्जर निवासी जिला मुरैना बताया। तलाशी लेने पर कार की सीट के नीचे और डिक्की में कुल 20 पेटी देशी शराब (करीब 1000 क्वार्टर) बरामद हुई। आरोपी से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की शराब और एक हुंडई ग्रैंड आई-10 कार जब्त की है। साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपी पर मुरैना जिले में पहले से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
