‘ऑपरेशन अंकुश’ में सट्टेबाजों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई! 3 आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार, कई फरार रडार पर
रायगढ़ जिले में ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। साइबर, कोतवाली और चक्रधरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

पहली कार्रवाई रेलवे बंगालापारा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस टीम ने छापा मारकर चबीराम धीवर को पकड़ा। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह सट्टा खाईवाल पप्पू बारेठ के लिए सट्टा लिख रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी, मोबाइल और कैलकुलेटर सहित सट्टा सामग्री जब्त की है, जबकि मुख्य आरोपी और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई बेलाडुला मरीन ड्राइव क्षेत्र में की गई, जहां मोहम्मद एजाज और राजेश देवांगन को सट्टा लिखते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपियों के पास से मोबाइल, सट्टा पट्टी और नकदी बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे सट्टा खाईवाल शहनवाज मलिक उर्फ सानू के लिए काम कर रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द पकड़ने की बात कही जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
