यूट्यूब देखकर ATM काटने पहुंचा आरोपी गिरफ्तार! कबीरधाम पुलिस ने बड़ी वारदात होने से पहले ही किया फेल
कबीरधाम जिले में एटीएम काटकर चोरी की बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। थाना लोहारा पुलिस की मुस्तैदी से एक आरोपी को गैस कटर सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी नंदलाल साहू कर्ज से परेशान था और एक ही बार में पैसा हासिल करने के लिए उसने यूट्यूब पर एटीएम काटने के तरीके सीख लिए। इसके बाद उसने सुनियोजित तरीके से एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर चोरी करने की योजना बनाई।

पुलिस को पहले भी एटीएम काटने के प्रयास की शिकायत मिली थी, जिसके बाद जिले के सभी एटीएम पर सख्त निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ा दी गई। इसी दौरान रात में चेकिंग के समय आरोपी एटीएम के पास संदिग्ध हालत में मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले भी कई स्थानों पर एटीएम काटने का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा। पुलिस ने उससे सीन रीक्रिएट कराकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा भी कराया।

आरोपी के कब्जे से गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब और वारदात में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री सहित मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
