बड़ी कार्रवाई: पखांजूर पुलिस ने 3 गौ तस्करों को दबोचा, वाहन सहित मवेशी जब्त

0
m28.2

कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन मवेशियों को मुक्त कराते हुए तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक छोटा हाथी वाहन में गौ तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन को रोककर जांच की, जिसमें तीन गौवंश को क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन मवेशियों को महाराष्ट्र के रास्ते तेलंगाना के बूचड़खाने ले जा रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश अरुण मराठे, सुशील लक्ष्मण पेंदाम और विनोद शरद मेश्राम के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के निवासी हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे एवं एसडीओपी रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में की गई।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों