महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी मामला: तमनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 और आरोपी गिरफ्तार, कुल संख्या पहुंची 9
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई बदसलूकी, मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस गंभीर घटना में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना तमनार क्षेत्र के सीएचपी चौक, लिबरा में धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई थी, जहां ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक के साथ आरोपियों ने अभद्रता, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संजय मेहर और माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी शामिल हैं। दोनों आरोपी तमनार थाना क्षेत्र के निवासी हैं और घटना में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप में पकड़े गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग वीडियो बनाने और उसे फैलाने में किया गया था। पुलिस अब इन मोबाइलों के जरिए अन्य संदिग्धों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के दायरे में लाया जाएगा।
