नमली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अश्वगंधा चोरी का खुलासा, ₹2.90 लाख का मशरूका व बोलेरो पिकअप जब्त
रतलाम जिले के नमली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अश्वगंधा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत यह सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पानछेड़ निवासी किसान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत में सूखने के लिए रखी गई करीब 02 क्विंटल अश्वगंधा फसल चोरी हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई अश्वगंधा और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब ₹2.90 लाख है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से चोरी के मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।
