कांकेर में “उजियारा अभियान” का असर — 5 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में कुल 5 किलो 200 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹3.10 लाख आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम देवकोगेंरा मार्ग पर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान आर्यन श्रीवास्तव (22 वर्ष) निवासी आतुरगांव के रूप में हुई, जबकि दूसरा विधि से संघर्षरत बालक पाया गया।
तलाशी के दौरान आर्यन श्रीवास्तव के पास से 4 किलो 930 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद हुआ, वहीं दूसरे आरोपी के पास से 270 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 5 किलो 200 ग्राम गांजा पुलिस के कब्जे में आया।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब गांजा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
