दुर्ग पुलिस का बड़ा तोहफा — 205 गुम मोबाइल लौटाए, ₹50 लाख की रिकवरी से खिले चेहरों पर मुस्कान
दुर्ग पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन की बड़ी रिकवरी कर नागरिकों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACU) द्वारा विशेष अभियान चलाकर कुल 205 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹50 लाख बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत वर्ष 2023 से 2026 तक दर्ज मोबाइल गुम होने के मामलों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल फोन खोज निकाले।
बरामद मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद अब उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपा जा रहा है। लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं है। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर भी जानकारी दर्ज करें, ताकि मोबाइल की जल्द से जल्द ट्रैकिंग और रिकवरी संभव हो सके।






