5 साल की बच्ची मिली बेहोश हालत में — अपहरण और दुष्कर्म का मामला, आरोपी हिरासत में
जिला दुर्ग के थाना उतई क्षेत्र में एक 5 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सघन खोजबीन शुरू की गई।
तलाश के दौरान बच्ची झाड़ियों के बीच एक बोरे में अचेत अवस्था में मिली, जहां उसका पैर बाहर दिखाई दे रहा था। पुलिस ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां वर्तमान में उसका उपचार जारी है और वह सुरक्षित बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला अपहरण और दुष्कर्म से जुड़ा पाया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है और सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं।
इस मामले में थाना नेवई में अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने संदेही आरोपी धनेश्वर साहू (35 वर्ष, निवासी उतई) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📢 पुलिस की अपील:
आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
