रायगढ़ में ह्यूमन ट्रैफिकिंग का बड़ा खुलासा! डेढ़ लाख में नाबालिग की सौदेबाजी, देह व्यापार में धकेलने वाला गिरोह गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग को देह व्यापार में धकेलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू कर छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश तक फैले नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने काम दिलाने का झांसा देकर 17 वर्षीय बालिका को बहला-फुसलाकर रायगढ़ बुलाया और बाद में उसे मध्यप्रदेश ले जाकर डेढ़ लाख रुपये में जबरन शादी करा दी। इसके बाद पीड़िता को देह व्यापार में धकेल दिया गया।
👮 एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान दलाल गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई और मध्यप्रदेश के छतरपुर क्षेत्र से मुख्य खरीदार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
🔴 गिरोह में महिलाएं और दलाल शामिल
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह में एक विधि से संघर्षरत बालिका सहित दो महिलाएं, एक युवक और खरीदार शामिल थे, जिन्होंने मिलकर नाबालिग की सौदेबाजी की और रकम आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी राशि और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

🛑 पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में पहले ही देह व्यापार के खिलाफ चेतावनी दी जा चुकी थी और मानव तस्करी जैसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह कार्रवाई न केवल एक नाबालिग की जिंदगी बचाने में सफल रही, बल्कि अंतरराज्यीय मानव तस्करी नेटवर्क को उजागर करने में भी अहम साबित हुई।
