जांजगीर-चांपा में बड़ा सड़क हादसा: कोरबा से सारंगढ़ जा रही यात्री बस पलटी, 14 यात्री घायल
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करनौद के पास शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा से सारंगढ़ जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार 03 मई 2026 को सुबह करीब 7:50 बजे हादसे की सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस और बिर्रा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल सभी यात्रियों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार अधिकांश यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि पांच यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और बस पलटने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के अनियंत्रित होने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
