ऑपरेशन त्रिनेत्रम में बड़ी सफलता: कांटाफोड़ पुलिस ने 48 घंटे में चोरी का खुलासा कर महिला आरोपी गिरफ्तार
देवास। पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत थाना कांटाफोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बड़ी वारदात का मात्र 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया माल बरामद कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय जानकारी और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की। सामुदायिक पुलिसिंग एवं मुखबिर तंत्र की सक्रिय भूमिका के चलते आरोपी तक शीघ्र पहुंच बनाई गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 6.5 तोला सोने के आभूषण, नगदी सहित करीब ₹10 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आधुनिक तकनीक और जनसहयोग के समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है।
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
