बच्चों की हिम्मत से बंद हुई अवैध शराब दुकान, ‘सृजन’ कार्यक्रम बना बदलाव की मिसाल
मध्यप्रदेश के सतलापुर क्षेत्र में बच्चों की जागरूकता और साहस ने समाज में सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल कायम की है। मौजमपुरा (40 ब्लॉक) क्षेत्र के बच्चों ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए पुलिस को सूचना देकर अवैध शराब दुकान बंद करवा दी।
जानकारी के अनुसार AKVN की पानी की टंकी के पास संचालित एक दुकान से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। इसके कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय परिवारों और बच्चों में भय तथा असुरक्षा का माहौल बन गया था।

बच्चों द्वारा दी गई सूचना पर थाना प्रभारी श्री विजय त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए अवैध शराब दुकान को बंद कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उत्साहित बच्चे स्वयं थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी ने फूल-माला पहनाकर उनका सम्मान किया और उनके साहस की सराहना की।
बच्चों ने बताया कि उन्होंने ‘सृजन’ कार्यक्रम के माध्यम से यह सीखा कि समाज में होने वाली गलत गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। स्थानीय महिलाओं ने भी पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र में सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण की उम्मीद जताई।
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज में सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
