मध्यप्रदेश पुलिस का प्रदेशव्यापी कॉम्बिंग गश्त अभियान: रातभर चली कार्रवाई, 2100 से अधिक वारंटी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। रातभर चले इस अभियान में 2500 से अधिक पुलिसकर्मी मैदान में उतरे और विभिन्न जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए फरार अपराधियों, वारंटियों एवं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की धरपकड़ की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 2100 से अधिक वारंट तामील किए और बड़ी संख्या में वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाशों एवं अपराध प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संदिग्ध इलाकों में देर रात तक लगातार चेकिंग एवं गश्त की गई।
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।
