IPL फाइनल पर करोड़ों का सट्टा! रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 31.99 लाख नकद, मोबाइल और नोट गिनने की मशीन जब्त

0

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। आईपीएल फाइनल मुकाबले GT बनाम RCB पर संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सिंडिकेट से जुड़े तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई कर जिले में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।

IPL फाइनल पर चल रहा था हाईटेक सट्टा कारोबार

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर साइबर थाना और खरसिया पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई की।

रेड के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को मौके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने और स्थानीय लोगों से लाखों रुपये की सट्टा राशि लेने की बात स्वीकार की।

करोड़ों के नेटवर्क की जांच शुरू

आरोपियों के मेमोरेण्डम बयान में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नाम भी सामने आए। जांच में पता चला कि साहिल अग्रवाल सट्टे की रकम को अपने व्यवसाय में लगाकर कमीशन और अतिरिक्त मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से OnePlus Nord और Samsung Galaxy मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनसे ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, आईडी और लेन-देन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है।

संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज

रायगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी, जुआ और अवैध नेटवर्क के खिलाफ चलाया जा रहा “ऑपरेशन अंकुश” आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टे का कारोबार युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर रहा है। ऐसे संगठित नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और प्रत्येक आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जब्त सामग्री

  • ₹31,99,700 नकद
  • 02 मोबाइल फोन
  • 01 नोट गिनने की मशीन

गिरफ्तार आरोपी

  1. गगन अग्रवाल (28 वर्ष), गंज बाजार, खरसिया
  2. शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष), गंज बाजार, खरसिया

ऑपरेशन अंकुश के तहत की गई यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की साइबर निगरानी, तकनीकी दक्षता और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त रणनीति का एक और बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों