धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाओं को बनाते थे निशाना! 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 50 लाख की संपत्ति जब्त

0

देवास पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं, जो तमिलनाडु के निवासी बताए जा रहे हैं और दिल्ली से अपना नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 सोने की चेन, लक्ज़री कार, महंगे स्मार्टफोन समेत करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने जून माह के पहले 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी और जबलपुर सहित विभिन्न शहरों में कुल 8 वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद देवास में 9वीं घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस के रडार पर आ गए। विशेष अभियान चलाकर देवास पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी धार्मिक कथा, प्रवचन और अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाकर वहां पहुंचते थे। गिरोह विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाता था। महिलाओं को साथ रखने के कारण किसी को उन पर आसानी से शक नहीं होता था, जिससे वे वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

देवास में घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए करीब 500 मीटर पैदल सफर किया, फिर ऑटो से लगभग 2 किलोमीटर दूर हाईवे तक पहुंचे और वहां खड़ी अपनी लक्ज़री कार से फरार हो गए। हालांकि पुलिस के त्रिनेत्रम निगरानी नेटवर्क और तकनीकी जांच ने उनके पूरे रूट का पता लगा लिया।

पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह भोपाल में अगली वारदात की तैयारी कर रहा था। इससे पहले ही देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोपाल से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 156 ग्राम वजन की 9 सोने की चेन बरामद की हैं, जो विभिन्न वारदातों में लूटी गई थीं।

देवास पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे कई जिलों में सक्रिय एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों