49.50 लाख की चिटफंड ठगी का बड़ा खुलासा, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में फ्लोरा मैक्स कंपनी के दो फरार आरोपी गिरफ्तार

0
731185745_779240281881954_2590389870430947932_n

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में निवेश और स्वरोजगार के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से कथित ठगी करने वाले फ्लोरा मैक्स चिटफंड मामले में धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत लंबे समय से फरार चल रहे कंपनी के दो आरोपियों श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह मामला वर्ष 2024 में सामने आया था, जब चेनपुर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, अधिक मुनाफे और बैंक ऋण दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि करीब 165 महिलाओं के नाम पर बैंक से ऋण लेकर दुकानें खुलवाई गईं, लेकिन कारोबार और आय पर कंपनी के संचालकों ने कब्जा कर लिया। महिलाओं को हर माह ₹2,700 आय देने का वादा भी पूरा नहीं किया गया, जिससे कुल 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस पहले ही कंपनी से जुड़ी एजेंट मंजू चौहान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी थी। वहीं कंपनी के अन्य प्रमुख आरोपी दूसरे जिले के एक प्रकरण में जेल में बंद पाए गए थे। फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले से और बलराम बंजारा को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आर्थिक लेनदेन की भी जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस निवेश, रोजगार और चिटफंड योजनाओं के नाम पर आम लोगों से ठगी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों