कबीरधाम पुलिस की नई पहल! स्कूल पहुंचकर बच्चों को सिखाए साइबर सुरक्षा और नए कानूनों के अहम सबक

0

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में विद्यार्थियों को कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पुलिस का विशेष जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने छात्रों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, पॉक्सो एक्ट, यातायात नियमों, अभिव्यक्ति ऐप, सामुदायिक पुलिसिंग और नए आपराधिक कानूनों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की जानकारी तथा कानून का पालन करने के महत्व पर भी चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।

कबीरधाम पुलिस का कहना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को कानून के प्रति संवेदनशील बनाना, साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना और समाज में जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है। पुलिस ने विद्यार्थियों से सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और कानून का सम्मान करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों