साइबर अपराध पर सारंगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹2.71 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन वाला म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
सारंगढ़। साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान के तहत सारंगढ़ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक म्यूल अकाउंट (Mule Account) धारक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते से एक वर्ष के दौरान ₹2,71,75,719 से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए गए, जिसके बदले उसे मोटी रकम दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दिनेश बंजारे के रूप में हुई है। साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच में उसके बैंक खाते का उपयोग अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए किए जाने के प्रमाण मिले। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खाते से जुड़े मामलों में देश के विभिन्न राज्यों में कुल 56 शिकायतें दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 323/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4) एवं 317(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सारंगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या इंटरनेट बैंकिंग सुविधा किसी अन्य को उपयोग के लिए न दें। ऐसे खाते साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
