रतलाम एसपी अमित कुमार एक्शन मोड में, अपराध समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
रतलाम। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों और पुलिस की कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, एफएसएल अधिकारी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान लंबित अपराधों, मर्ग प्रकरणों, अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, आदतन अपराधियों पर कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ अभियान, ऑपरेशन मुस्कान तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए। साइबर ठगी के मामलों में तत्काल कार्रवाई कर ठगी गई राशि होल्ड कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। महिलाओं से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने, नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा फरार और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंवाद आयोजित करें, लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी सक्रिय रहकर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करें और जनता के साथ विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाएं।
