इंदौर पुलिस ने रचा इतिहास: 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला से नशामुक्ति अभियान बना जनआंदोलन, विश्व रिकॉर्ड की ओर कदम
मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 8,534 लोगों की भागीदारी के साथ विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अपना ही पूर्व विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का दावा किया है।

इस ऐतिहासिक आयोजन में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ संदेश दिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

मानव श्रृंखला के साथ-साथ 8,534 से अधिक लोगों को एक साथ नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित सामूहिक जनजागरूकता कार्यक्रम को भी विश्व रिकॉर्ड के लिए नामांकित किया गया है। इसके साथ ही इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह अभूतपूर्व सहभागिता साबित करती है कि जब पुलिस और समाज किसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर काम करते हैं, तो जागरूकता एक प्रभावी जनआंदोलन का रूप ले लेती है। नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प सबसे बड़ी ताकत है।
इंदौर पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
