कोंडागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त

0
753164129_1565997205570391_5032432819246284614_n

छत्तीसगढ़ की कोंडागांव पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 27 K 0497) भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर थाना कोंडागांव में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने प्रेम का झांसा देकर पीड़िता को बहला-फुसलाया और नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के मार्गदर्शन में लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कोंगेरा के आसपास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी पहाड़ी पर पत्थरों के बीच छिपा मिला, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान डोमेंद्र कोर्राम (26 वर्ष), निवासी ग्राम चेमा, थाना बयानार, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों