खरगोन पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, ₹50 लाख की 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

0

खरगोन पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की कार्रवाई में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिन्हें विभिन्न जिलों से चोरी किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुराने या क्षतिग्रस्त लॉक वाली मोटरसाइकिलों को अपना निशाना बनाते थे। महज पांच मिनट के भीतर बाइक चोरी कर आरोपी उन्हें कम कीमत पर ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे, जिससे लंबे समय तक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, महू और हरदा सहित कई स्थानों से कुल 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के निर्देशन में थाना सनावद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों